41 लाख की नगदी के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून। जिला प्रशासन द्वारा कठित फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने 41 लाख की नगदी के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया जिनसे देर सांय तक पूछताछ जारी थी। उत्तराखण्ड में चुनाव आचार संहिता लगने के बाद से ही पुलिस व जिला प्रशासन द्वारा आम जनता व राजनैतिक दलों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने की अपील की जा रही है। वहीं इसकी रोकथाम के लिए फ्लाइंग स्क्वायड का गठन किया गया। जिसके चलते आज फ्लाइंग स्क्वायड टीम को सूचना मिली कि नेहरू कालोनी थाना क्षेत्रान्तर्गत फव्वारा चौक के पास एक कार में लाखों की नगदी ले जायी जा रही है। जिसके बाद फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने क्षेत्र में अपना जाल बिछा दिया और क्षेत्र में वाहन चैकिंग अभियान शुरू कर दिया।

चैकिंग के दौरान एक कार चैकिंग को देखते हुए वापस मुडकर भाग खडी हुई। कार को तेजी से भागता देख फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने उसको पीछा किया और फव्वारा चौक से थोडी आगे जाकर उसको रोक लिया। कार में सवार तीन लोगों को फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने हिरासत में लेकर कार की तलाशी ली तो कार से 41 लाख रूपये की नगदी बरामद कर लीं। इतनी बढी धनराशि पकडे जाने पर फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने तीनों व्यक्तियों से रूपयों के बारे में पूछताछ की तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जिसके बाद तीनों को हिरासत में लेकर नेहरू कालोनी थाना पुलिस को इसकी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही एसपी सिटी सरिता डोभाल, सीओ नेहरू कालोनी व एसओ नेहरू कालोनी मौके पर पहुंचे और तीनों लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। देर सांय तक तीनों लोगों से पुलिस की पूछताछ जारी रही। एसपी सिटी सरिता डोभाल से फोन से सम्पर्क किया गया तो उन्होंने इस बात की पुष्टि कर दी कि 41 लाख रूपये के आसपास की नगदी बरामद हुर्इै है।