विभिन्न मुददों को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सचिवालय कूच

Spread the love

देहरादून। अंकिता भण्डारी हत्याकाण्ड, भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच सहित विभिन्न मुददों को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सचिवालय कूच के दौरान पुलिस ने कांग्रेसियों को रोक उनपर मिर्च के स्प्रे का प्रयोग कर उनको तितर बितर किया। इस दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गये। भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में एकत्रित हुए। जहां से उन्होंने अंकिता भण्डारी हत्याकाण्ड में वीआईपी का नाम उजागर करने, भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच कराने सहित विभिन्न मुददों को लेकर सचिवालय कूच किया।

कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से राजपुर रोड से सहकारी बाजार होते हुए अभिषेक टावर के पास पहुंचे जहां पर पुलिस ने बैरकेडिग लगाकर उनको रोक दिया। जिसपर काफी देर तक पुलिस व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की हुई। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, ने कार्यकर्ताओं को समझाया। प्रदर्शन में प्रीतम सिंह, गणेश गोदियाल, सुमितर भूल्लर, महानगर अध्यक्ष जसविन्द सिंह गोगी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, शिवा वर्मा मीडिया प्रभारी, मोहन भण्डारी प्रदेश उपाध्यक्ष, सिद्धार्थ वर्मा जिला अध्यक्ष , रोबिन त्यागी पूर्व महासचिव, मोहित मेहता जिला उपाध्यक्ष, नवीन रमोला प्रदेश महासचिव, निशांत पछवादून जिलाध्यक्ष, कार्तिक बिरला आदि लोग शामिल थे। इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड को देखते हुए उनपर मिर्च के स्प्रे का प्रयोग किया जिससे वहां पर अफरा तफरी मच गयी। इस दौरान जिसको जहां रास्ता दिखा वह उधर को भागने लगे जिससे कई कांग्रेसी कार्यकर्ता घायल हो गये। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने जिसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर उनको पुलिस लाईन ले जाया गया।